क्या है हर घर तिरंगा अभियान | Har Ghar Tiranga

Har Ghar Tiranga: भारतीय राष्ट्रीय ध्वज पूरे राष्ट्र के लिए राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है| आजादी के 75 साल पूरा होने पर केंद्र सरकार द्वारा एक नए अभियान का ऐलान किया गया था "हर घर तिरंगा"| इस अभियान के तहत 13 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम आयोजित किया गया| इसका मकसद, सभी भारतीयों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करना था| 15 अगस्त, 2022 के लिए 75 सप्ताह की गिनती पूरी होते ही, भारत ने स्वतंत्रता के 76वें वर्ष की शुरुआत की| 
har ghar tiranga

इस तरह का अभियान हर नागरिक विशेषकर युवाओं के मन में देशभक्ति की अखंड ज्योति को और ज्यादा प्रखर करने का काम करता है| इस अभियान का उद्देश्य युवा पीढ़ी में तिरंगे के प्रति सम्मान बढ़ाना और उन्हेँ आज़ादी के लिए संघर्ष करने वाले वीरों के त्याग से अवगत कराना था| इस पहल से नागरिकों में देशभक्ति की भावना जाग्रत करने के साथ-साथ राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को भी बढ़ावा देना था| "हर घर तिरंगा" पहल अमृत काल (अब से 25 साल भारत@2047 तक) के दौरान राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में 'तिरंगा' के साथ गहरे व्यक्तिगत जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है| 


गौरतलब है कि इस अभियान को सुविधाजनक बनाने के लिए पिछले साल भारतीय झंडा संहिता में संशोधन किया गया था| जहाँ फ्लैग कोड के अनुसार पहले केवल हाथ से बने हुए या हाथ से काटे हुए झंडे बनाने की अनुमति थी, वहीँ अब संशोधन के बाद पॉलीस्टर और मशीन से बने झंडों की भी अनुमति है| विभिन्न मंत्रालय, गवर्नमेंट-ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से कार्यालयों के लिए झंडे आर्डर करने की भी सुविधा प्रदान की गई थी| 
har ghar tiranga in hindi

माननीय प्रधानमंत्री ने 22 जुलाई, 2022 को घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अथवा लगाकर 'हर घर तिरंगा' आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया था| हर घर तिरंगा अभियान के तहत उन्होंने 13 अगस्त 2022 से 15 अगस्त 2022 को इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देशवासियों से तिरंगा फहराने की अपील की थी| उन्होंने कहा था कि यह मुहीम तिरंगे से  देशवासियों के जुड़ाव को गहरा करेगी| 
har ghar tiranga abhiyaan kya hai
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सभी नागरिकों से हर घर तिरंगा को सामूहिक अभियान के रूप में मनाने के क्रम में 02 अगस्त 2022 को एक ट्वीट में अपने सोशल मीडिया डीपी को तिरंगे से बदलने का आग्रह भी किया था| ज्ञात हो इसी दिन पिंगली वेंकैया की जयंती होती है| उनको श्रद्धांजलि देते हुए प्रधानमंत्री ने अपने एक और ट्वीट में लिखा कि देश को तिरंगा देने के पिंगली वेंकैया के प्रयासों के लिए भारत हमेशा उनका ऋणी रहेगा| 

राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता के लिए विशेष सुविधा 

देश के गौरवान्वित नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज की आसानी से उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए, देश भर के डाकघर 25 रुपये की दर से राष्ट्रीय ध्वज बेच रहे थे| बड़ी संख्या में नागरिकों ने ईपोस्ट ऑफिस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन झंडे मंगाए| डीओपी (DoP) ने देश के भीतर किसी भी पते पर कोई डिलीवरी शुल्क लिए बिना झंडों की डिलीवरी करवाई| 
harghar tiranga

कैसा रहा "हर घर तिरंगा" अभियान

"हर घर तिरंगा" पहल के लिए विशेष वेबसाइट (www.harghartirang.com) बनाई गई थी| इस वेबसाइट पर ध्वज के साथ सेल्फी अपलोड करके एक सामूहिक उत्सव और देशभक्ति के उत्साह को बढ़ाने की भी परिकल्पना की गई थी| स्वतंत्रता के 75 वर्ष का स्मरणोत्सव 12 मार्च 2021 से 75-सप्ताह की गिनती पूरी होने पर 15 अगस्त, 2022 को शुरू हुआ और यह 15 अगस्त, 2023 तक जारी रहेगा| 

भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरा होने पर जश्न मनाने वाले भारतीयों और दुनिया भर में सभी की भागीदारी के कारण 15 अगस्त दोपहर बाद लगभग 4 बजे तक "हरघरतिरंगा डॉट कॉम"/(www.harghartirang.com) पर 5 करोड़ तिरंगा सेल्फी लेने की उपलब्धि हासिल कर ली गई थी| यह संख्या आगे भी बढ़ रही है| ध्वज के साथ 5 करोड़ सेल्फी भारत को शीर्ष पर रखने और भारत को सर्वोच्च राष्ट्र बनाने के 5 करोड़ संकल्पों का प्रमाण है| प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में राष्ट्र को यह भी कहा, "मैं युवाओं से अपने जीवन के अगले 25 वर्ष राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित करने का आग्रह करता हूं| हम पूरी मानवता के विकास की दिशा में काम करेंगे| भारत की यही ताकत है|"

हर घर तिरंगा (Har Ghar Tiranga)   

अमृत महोत्सव में हर दिल है देशप्रेम से रंगा
आओ हम सब मिलकर फहराएं हर घर तिरंगा
देश की आन-बान-शान है तिरंगा
हर भारत वासी की पहचान है तिरंगा 
थामकर हाथों में हाथ
नए भारत के निर्माण की अलख जगाएं
देके एक दूजे का साथ 
हर शहर, हर गाँव, हर घर तिरंगा फहराएं
तिरंगा युहीं सदा शान से लहराता रहे
दिल युहीं आजादी के गीत जाता रहे
हम सब का जोशे-जूनून है तिरंगा
हर देशवासी की पहचान है तिरंगा
आओ अपने तिरंगे को घर लेकर आएं
इस बार हर घर तिरंगा फहराएं

Post a Comment

0 Comments