First Women Loco Pilot: भारत में महिलाएं, किसी भी मायने में पुरुषों से कम नहीं हैं| वह आज हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं| वे दिखा रही हैं कि यदि समान मौका मिले तो वह हर कार्य को करने का दम रखती हैं| आसमान में प्लेन उड़ाने से पटरी पर ट्रेन दौड़ाने तक में महिलाएं सक्षम हैं| क्या आप जानते हैं भारतीय रेलवे की पहली महिला लोको पायलट यानि ट्रेन ड्राइवर कौन हैं| आइये जानते हैं:
भारतीय रेलवे की पहली महिला लोको पायलट कौन हैं (Who is First Women Loco Pilot of Indian Railway)
भारतीय रेलवे की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव हैं| सुरेखा यादव 1988 में भारत की पहली महिला लोकोपायलट बनीं| वह तब से लोकोपाइलॉट बनने की तलाश में अन्य महिलाओं के लिए एक प्रेरणा रही हैं|
सुरेखा यादव का भारतीय रेलवे में करियर
साल 1986 में सुरेखा यादव ने रेलवे लिखित परीक्षा में हिस्सा लिया, जिस में पास होने के बाद उन्होंने इंटरव्यू भी क्लियर कर लिया| बाद में सुरेखा कल्याण ट्रेनिंग स्कूल में सहायक चालक के तौर पर नियुक्त हुईं| ट्रेनिंग पूरी होने के बाद 1989 में सुरेखा यादव नियमित सहायक ड्राइवर के पद पर प्रमोट हो गईं|
सुरेखा ने सबसे पहले मालगाड़ी के ड्राइवर के तौर पर करियर की शुरुआत की| धीरे धीरे उनकी ड्राइविंग स्किल्स बेहतर होती गई और साल 2000 में मोटर महिला के पद पर उनका प्रमोशन हुआ| उनके कैरियर में एक महत्वपूर्ण घटना 8 मार्च 2011 को, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हुई, जब वह डेक्कन क्वीन नामक रेलगाड़ी को पुणे से सीएसटी, मुंबई तक ले जाने के लिए एशिया की पहली महिला ट्रेन ड्राइवर बनी| मुंबई के तत्कालीन महापौर श्रद्धा जाधव ने केन्द्रीय रेलवे क्षेत्र के मुख्यालय सीएसटी में उनका स्वागत किया| इसी के साथ महिला दिवस 2011 के मौके पर सुरेखा यादव को एशिया की पहली महिला ट्रेन ड्राइवर होने का खिताब हासिल हुआ|
08 मार्च 2023 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मध्य रेलवे ने प्रतिष्ठित मुंबई-पुणे डेक्कन क्वीन एक्सप्रेस और सीएसएमटी-कल्याण महिला स्पेशल लोकल ट्रेन का संचालन किया| एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव ने डेक्कन क्वीन का संचालन किया था, जिसमें सयाली सावरदेकर सहायक लोको पायलट थीं| मध्य रेलवे ने इसकी जानकारी देते हुए एक ट्वीट में लिखा- "मुंबई-पुणे डेक्कन क्वीन एक्सप्रेस का संचालन सभी महिला चालक दल द्वारा किया गया, जिसमें एशिया की पहली महिला लोको-पायलट श्रीमती सुरेखा यादव, सयाली सावरदेकर सहायक लोको पायलट और ट्रेन प्रबंधक, श्रीमती लीना फ्रांसिस के साथ 6 महिला प्रमुख टीटीई ने सहायता प्रदान की"|




0 Comments